चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग को हरियाणा के सभी स्कूलों के विद्यार्थी लाइव देखेंगे। इसके लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आज बुधवार शाम को 5 से 6 बजे तक स्कूल खोलने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही साथ यह भी कहा है कि शाम के समय जहां संभव हो वहां शिक्षक और विद्यार्थी के लिए एक घंटे के लिए सभा आयोजित की जाए। वहीं जहां संभव नहीं होगा, उन स्कूलों में अगले दिन सुबह सॉफ्ट लैंडिंग प्रक्रिया का प्रसारण किया जायेगा।
निदेशालय द्वारा जारी आदेशों में कहा गया है कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग का स्कूलों में पांच बजकर 20 मिनट से सीधा प्रसारण किया जाएगा। चंद्रयान-3 की लैंडिंग के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी का भी राष्ट्र के नाम एक संबोधन होगा। शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने स्कूलों में लाइव प्रसारण के आदेश जारी कर दिए है। शाम को एक घंटे खुलेंगे स्कूल प्रसारण के निर्देश जारी किए गए हैं। आदेशों के मुताबिक आज शाम पांच से छह बजे तक सरकारी स्कूल खोलने के आदेश दिए गए हैं।
शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा कि यह उपलब्धि हमारे देश के वैज्ञानिकों की है। हमें बहुत बड़ी सफलता मिलने जा रही है। पूरी दुनिया का ध्यान हमारे तरफ ही है। हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे भी भारत की इस उपलब्धि को देखें। मौजूदा समय में भारत एक उभरती हुई शक्ति है तथा तमाम बच्चों के मन में भी यह भाव जागृत होना चाहिए। व्यक्तिगत तौर पर मेरा ये मानना है कि सब कुछ आत्मविश्वास पर निर्भर करता है तथा हम जरूर इस उपलब्धि को प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के तमाम स्कूल आज शाम 5 से लेकर 6 बजे तक खुले रहेंगे ताकि बच्चे चंद्रयान की लैंडिंग को अपनी आंखों से देख सकें।